कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र बरखेड़ा हाट का किया निरीक्षण

बच्चों से संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों, पोषण व्यवस्था व ग्रामीण समस्याओं का लिया जायजा

Wednesday, January 7, 2026 - 20:24
Updated: 7 months ago
0
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र बरखेड़ा हाट का किया निरीक्षण

गुना(आरएनआई)कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आरोन तहसील के ग्राम बरखेड़ा हाट स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपस्थित बच्चों से संवाद कर उनकी नियमित उपस्थिति, सीखने की प्रक्रिया एवं दैनिक शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों द्वारा कविता, पहाड़े एवं गिनती सुनाई गई, जिसकी कलेक्टर ने प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। 

इस अवसर पर कलेक्टर श्री कन्याल ने बच्चों को खाद्य सामग्री का वितरण किया तथा “ऑल इन वन बुकलेट” प्रदान की, जिसमें फलों एवं सब्जियों के नाम सहित सामान्य ज्ञान से संबंधित उपयोगी जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा को रोचक एवं सरल बनाने से बच्चों की सीखने की क्षमता में निरंतर वृद्धि होती है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी सहायिका एवं कार्यकर्ताओं से बच्चों की संख्या, नवाचार गतिविधियों तथा शिक्षण पद्धतियों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि शिक्षण को अधिक व्यवहारिक, रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाया जाए, जिससे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर ने केंद्र के सामने स्थित परिसर का अवलोकन करते हुए सचिव एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी के सामने रखे अनावश्यक सामान को हटाकर स्थान को साफ, स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया जाए। इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों एवं आमजन से भी संवाद भी किया। ग्रामीणों की खेती से संबंधित समस्याएं सुनीं तथा किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए इसके दीर्घकालीन लाभों की जानकारी दी। ग्रामीणों के अनुरोध पर कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत एवं तहसीलदार को संयुक्त रूप से गौशाला हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी अब्दुल गफ्फार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User