करोड़ों की लागत से बनी पानी की टंकी बनी शोपीस, आधी अधूरी पाइपलाइन के चलते जलापूर्ति बाधित

Thursday, January 22, 2026 - 13:15
Updated: 6 months ago
0
करोड़ों की लागत से बनी पानी की टंकी बनी शोपीस, आधी अधूरी पाइपलाइन के चलते जलापूर्ति बाधित

हरदोई (आरएनआई) जिले के विकास खण्ड शाहाबाद के  गुजीदेई गांव में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी आज तक चालू नहीं हो सकी है। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद गांव में एक दिन भी नल से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष है।

ग्रामीणों का कहना है कि नल कनेक्शन तो दिए गए हैं, लेकिन पाइपलाइन का कार्य अधूरा और अव्यवस्थित होने के कारण टंकी से पानी की आपूर्ति संभव नहीं हो सकी। कई स्थानों पर पाइपलाइन अधूरी पड़ी है, जबकि कहीं पाइप जमीन के ऊपर छोड़ दिए गए हैं। इसी कारण पूरी जलापूर्ति व्यवस्था निष्क्रिय बनी हुई है। पग्रामीणों ने यह भी बताया कि पाइपलाइन डालने में हुए खड्डे ठीक से भरे नहीं गए, जिससे गलियों की स्थिति और खराब हो गई।

गुजीदेई के बाशिंदों ने आरोप लगाया कि पाइपलाइन का कार्य ठेकेदारों द्वारा मनमानी तरीके से किया गया। निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों और गुणवत्ता की अनदेखी की गई। कागजों में कार्य पूरा दिखाया गया, जबकि वास्तविकता इसके विपरीत है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को योजना का कोई लाभ नहीं मिल पाया। सबसे चिंता का विषय यह है कि गर्मी के मौसम में पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। इसी टंकी से पड़ोसी गांव सूरापुर को भी जलापूर्ति जोड़ी जानी थी, लेकिन पाइपलाइन अधूरी होने के कारण पूरी व्यवस्था रुकी हुई है। इस स्थिति में गर्मी के सीजन में ग्रामीणों के लिए पानी की उपलब्धता बड़ी समस्या बनी हुई है। इस जल परियोजना का कार्य नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी (NCC) द्वारा कराया जाना बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी के जेई व ठेकेदारों की लापरवाही के कारण पाइपलाइन अधूरी रह गई और टंकी आज तक चालू नहीं हो सकी। इस समस्या संदर्भ में जल निगम हरदोई के सहायक अभियंता विवेक मिश्र से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि गुजीदेई जल परियोजना का कार्य निर्माणाधीन है और यह तृतीय चरण में स्वीकृत हुआ था। टंकी का निर्माण पूर्ण हो चुका है। पाइपलाइन में जहां कमियां हैं, उन्हें दूर कराकर जल्द ही गांव में जलापूर्ति शुरू कराई जाएगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User