एनडीए बैठक में पीएम मोदी बोले- छात्रों के साथ है सरकार, नीट पेपर लीक के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

Tuesday, July 21, 2026 - 12:38
0
एनडीए बैठक में पीएम मोदी बोले- छात्रों के साथ है सरकार, नीट पेपर लीक के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को संसद पुस्तकालय भवन के जी.एम.सी. बालयोगी ऑडिटोरियम में एनडीए संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक आयोजित हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एनडीए के सभी प्रमुख दलों के सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में संसद की रणनीति, सरकार के विधायी एजेंडे और समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के साथ खड़ी है और ऐसी घटनाएं राष्ट्रीय चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए तथा इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने नीट पुनर्परीक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए समयबद्ध तरीके से परिणाम घोषित किए। उन्होंने बताया कि पेपर लीक की घटना सामने आने के तुरंत बाद जांच एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यवस्था को और अधिक सख्त बनाया गया है।

बैठक में प्रधानमंत्री ने विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का भी उल्लेख किया। किरेन रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने सांसदों को भरोसा दिलाया कि किसी भी मुक्त व्यापार समझौते में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों का कल्याण है और हर व्यापार समझौता देश के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

एनडीए बैठक ऐसे समय हुई है जब कथित नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर देश के कुछ हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। इसी क्रम में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं, जबकि संसद की ओर निकाले गए विरोध मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी देखने को मिली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User