उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, दृश्यता घटने से नूंह में पांच वाहन भिड़े, दो लोगों की जिंदा जलकर मौत

Jan 19, 2026 - 12:16
 0  54
उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, दृश्यता घटने से नूंह में पांच वाहन भिड़े, दो लोगों की जिंदा जलकर मौत

नई दिल्ली (आरएनआई)। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार और सोमवार की सुबह कई राज्यों में कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बाधित हुआ। खराब मौसम के चलते अलग-अलग राज्यों में भीषण सड़क हादसे हुए, जिनमें कई लोगों की जान चली गई और दर्जनों घायल हो गए। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे के बने रहने की चेतावनी दी है।

हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली–मानेसर–पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण बड़ा हादसा हो गया। अचानक एक वाहन के ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहे पांच वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद एक डंपर और कंटेनर में भीषण आग लग गई, जिसमें फंसे चालक और खलासी की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात लंबे समय तक बाधित रहा।

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में दिल्ली–मुरादाबाद हाईवे पर कोहरे के कारण महज दो घंटे के भीतर तीन रोडवेज बसों समेत 50 से अधिक वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। इस हादसे में कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ अन्य स्थानों पर भी कोहरे की वजह से वाहन आपस में टकराते रहे।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के साथ घना कोहरा छाया रहा। हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिमी राजस्थान और सौराष्ट्र तक कोहरे का व्यापक असर देखने को मिला। पंजाब के अमृतसर, दिल्ली के सफदरजंग, उत्तर प्रदेश के हिंडन, कानपुर, बरेली वायुसेना स्टेशन और आजमगढ़ तथा गुजरात के सूरत में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई।

कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में कई हादसे सामने आए। उत्तर प्रदेश के बरेली में बस समेत कई वाहनों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और 24 लोग घायल हो गए। शाहजहांपुर में सात, बागपत में आठ और लखनऊ–आगरा एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर में 30 लोग घायल हुए। पंजाब के बठिंडा में बस और ट्रक की भिड़ंत से दो लोगों की जान चली गई, जबकि हरियाणा के अंबाला में एक सड़क हादसे में पति की मौत हो गई और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। असम में पीएसी की गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें आठ जवान घायल हो गए।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फबारी के बाद कश्मीर घाटी में तापमान में तेज गिरावट आई। सोनमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 8.9 डिग्री, शोपियां में माइनस 6.7 और श्रीनगर में माइनस 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख के द्रास में पारा माइनस 20 डिग्री तक पहुंच गया।

राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में पंजाब का अमृतसर 1.7 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। उत्तर प्रदेश में हरदोई का तापमान 3.5 डिग्री, चंडीगढ़ में 5.5 डिग्री और हरियाणा के नारनौल में 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 जनवरी तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा बना रह सकता है। वहीं, 24 जनवरी तक उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.