ईरान ने ओमान के पास तेल टैंकर जब्त किया, चालक दल के सभी 24 सदस्य भारतीय

ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर जारी व्यापक तनाव के बीच ईरानी नौसेना ने बृहस्पतिवार को अमेरिका की ओर जा रहे मार्शल द्वीप समूह के झंडे वाले एक तेल टैंकर को ओमान की खाड़ी में जब्त कर लिया। इस तेल टैंकर के चालक दल के सभी 24 सदस्य भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं।

Friday, April 28, 2023 - 09:45
0
ईरान ने ओमान के पास तेल टैंकर जब्त किया, चालक दल के सभी 24 सदस्य भारतीय

दुबई, 28 अप्रैल 2023, (आरएनआई)। ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर जारी व्यापक तनाव के बीच ईरानी नौसेना ने बृहस्पतिवार को अमेरिका की ओर जा रहे मार्शल द्वीप समूह के झंडे वाले एक तेल टैंकर को ओमान की खाड़ी में जब्त कर लिया। इस तेल टैंकर के चालक दल के सभी 24 सदस्य भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं।

अमेरिकी नौसेना के पश्चिम एशिया स्थित पांचवें बेड़े ने ईरान द्वारा जब्त किए गए तेल टैंकर की पहचान ‘एडवांटेज स्वीट’ के रूप में की है।

‘मरीन ट्रैफिक डॉट कॉम’ के उपग्रह ‘ट्रैकिंग डेटा’ के अनुसार, यह तेल टैंकर बृहस्पतिवार दोपहर ओमान की राजधानी मस्कट के उत्तर में ओमान की खाड़ी में था। कुवैत से आए इस तेल टैंकर को अमेरिका के ह्यूस्टन जाना था।

अमेरिकी नौसेना के मुताबिक, ‘एडवांटेज स्वीट’ ने दोपहर करीब सवा एक बजे उस समय खुद के संकट में होने की सूचना दी, जब वह अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में था और ईरानी नौसेना ने उसे वहां रोक लिया था।

अमेरिकी नौसेना के पश्चिम एशिया स्थित पांचवें बेड़े ने एक बयान में कहा, ‘‘ईरान की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून के विपरीत है और क्षेत्रीय सुरक्षा तथा स्थिरता के लिए विघटनकारी है। ईरान को तुरंत ही टैंकर को छोड़ देना चाहिए।’’

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आईआरएनए’ के मुताबिक, ‘‘बृहस्पतिवार रात एक अज्ञात नौका फारस की खाड़ी में एक ईरानी जहाज से टकरा गई, जिसके कारण ईरानी चालक दल के कई सदस्य लापता हो गए और कई घायल हो गए।’’

एजेंसी ने इस कथित टक्कर में शामिल दूसरे जहाज की पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

‘एडवांटेज टैंकर’ का प्रबंधन तुर्किये की एक कंपनी करती है। कंपनी ने एक बयान जारी कर जानकारी दी, ‘‘ईरानी नौसेना द्वारा इस तेल टैंकर को एक अंतरराष्ट्रीय विवाद के कारण ओमान की खाड़ी में जब्त करने के बाद एक बंदरगाह की तरफ ले जाया जा रहा है।’’

बयान के अनुसार, नौका पर सवार चालक दल के सभी 24 सदस्य भारतीय हैं।

कंपनी ने कहा, ‘‘हमारे चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। पहले हुई इस तरह की घटनाओं से प्रतीत होता है कि ऐसी परिस्थितियों में नौकाओं के चालक दल के सदस्यों को कोई खतरा नहीं होता।’’

इस नौका की मालिक एक चीनी कंपनी बताई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User