असम में बाढ़ से 82 की मौत, 1.92 लाख लोग प्रभावित; बीमा दावों और कर्ज में राहत देगी सरकार

Saturday, August 1, 2026 - 12:53
0
असम में बाढ़ से 82 की मौत, 1.92 लाख लोग प्रभावित; बीमा दावों और कर्ज में राहत देगी सरकार

गुवाहाटी। असम में बाढ़ का संकट अभी भी बरकरार है। राज्य के शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट, नागांव और चराइदेव जिले बाढ़ से प्रभावित हैं, जहां करीब 1.92 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, दो और लोगों की मौत के बाद राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 82 हो गई है।

सबसे अधिक प्रभाव चराइदेव जिले में देखा गया, जहां 77,456 लोग प्रभावित हैं। इसके बाद शिवसागर में 63,492 और जोरहाट में 34,067 लोग बाढ़ की चपेट में हैं। हालांकि गुरुवार की तुलना में स्थिति में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन गोलाघाट के नुमालीगढ़ और शिवसागर क्षेत्र में दिखो और धनसिरी नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन ने लोगों से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों और नदी किनारों से दूर रहने की अपील की है।

राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। लगभग 13,000 लोगों को 54 राहत शिविरों में ठहराया गया है, जबकि 26 राहत वितरण केंद्रों के माध्यम से 5,384 लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियां राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए बीमा कंपनियों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के साथ विशेष बैठक बुलाने का फैसला किया है। 5 अगस्त को होने वाली बैठक में बीमा कंपनियों से क्षतिग्रस्त वाहनों, पशुधन और अन्य बीमित संपत्तियों के दावों का शीघ्र निपटारा करने का आग्रह किया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द आर्थिक सहायता मिल सके।

इसके अलावा, सरकार एनबीएफसी से भी अनुरोध करेगी कि प्रभावित जिलों के कर्जदारों को ऋण भुगतान में राहत और मोहलत दी जाए। सरकार का उद्देश्य नुकसान का जल्द आकलन कर प्रभावित परिवारों तक वित्तीय सहायता समय पर पहुंचाना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User