अमेरिका : वर्जीनिया की कक्षा में छह साल के बच्चे ने शिक्षिका को गोली मारी

अमेरिका के वर्जीनिया में छह साल के छात्र ने अपने स्कूल में एक शिक्षिका को गोली मार दी। शुक्रवार को कक्षा एक में पढ़ने वाले इस छात्र का शिक्षिका के साथ विवाद हुआ था। न्यूपोर्ट न्यूज शहर की पुलिस और स्कूल प्रबंधन ने यह जानकारी दी।

Saturday, January 7, 2023 - 14:00
0
अमेरिका : वर्जीनिया की कक्षा में छह साल के बच्चे ने शिक्षिका को गोली मारी

नोरफोक (अमेरिका), 7 जनवरी 2023, (आरएनआई)। अमेरिका के वर्जीनिया में छह साल के छात्र ने अपने स्कूल में एक शिक्षिका को गोली मार दी। शुक्रवार को कक्षा एक में पढ़ने वाले इस छात्र का शिक्षिका के साथ विवाद हुआ था। न्यूपोर्ट न्यूज शहर की पुलिस और स्कूल प्रबंधन ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि रिचनेक एलिमेंट्री स्कूल में गोलीबारी की घटना में हालांकि कोई छात्र जख्मी नहीं हुआ।

न्यूपोर्ट न्यूज के पुलिस प्रमुख स्टीव ड्रीयू ने बताया कि शिक्षिका की उम्र लगभग 30 वर्ष है और गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हालांकि, दोपहर बाद तक उसकी स्थिति में सुधार आया।

ड्रीयू ने पत्रकारों से कहा, ‘‘गोली चलने की घटना कोई दुर्घटना नहीं थी। छात्र और शिक्षिका एक-दूसरे को जानते थे तथा दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।’’

उन्होंने बताया कि बच्चा कक्षा में हथियार लेकर आया था और जांच अधिकारी इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसे यह हथियार कहां से मिला। पुलिस प्रमुख ने हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

स्कूल में कक्षा चार में पढ़ने वाले एक छात्र की मां जोसलिन ग्लोवर ने ‘वर्जीनिया-पायलट’ अखबार को बताया कि उसे स्कूल से संदेश मिला था कि एक व्यक्ति को गोली लगी है और एक अन्य को हिरासत में लिया गया है।

ग्लोवर ने कहा, ‘‘इस संदेश से मेरा दिल बैठ गया। मैं यह सोचकर घबरा गई कि कहीं वह व्यक्ति मेरा बेटा तो नहीं है।’’ हालांकि, ग्लोवर का नौ वर्षीय बेटा कार्लोस उस समय भोजन अवकाश पर था। उसने बताया कि घटना के बाद स्कूल के बच्चे जोर-जोर से रो रहे थे।

उधर, पुलिस प्रमुख ने इस बारे में नहीं बताया कि क्या अधिकारी बच्चे के माता-पिता के संपर्क में हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग घटना की जांच कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User