500 करोड़ से ज्यादा के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, मुंबई का रंग शारदा होटल और प्रभादेवी की जमीन कुर्क
मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 500 करोड़ रुपये से अधिक के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई के बांद्रा स्थित प्रसिद्ध रंग शारदा होटल और प्रभादेवी इलाके में स्थित एक भूखंड को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। ईडी के अनुसार, जब्त की गई दोनों संपत्तियों की कुल कीमत लगभग 332 करोड़ रुपये है, जबकि मामले में करीब 512 करोड़ रुपये की अवैध कमाई का आरोप है।
ईडी की जांच प्रभुदास वीरचंद लोटिया और अन्य आरोपियों के खिलाफ चल रही है। एजेंसी के मुताबिक, यह कार्रवाई रंग शारदा होटल्स प्राइवेट लिमिटेड की संपत्तियों पर की गई है। मामला उस जमीन से जुड़ा है, जिसे महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा) ने मराठी नाटक, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रियायती शर्तों पर रंग शारदा प्रतिष्ठान ट्रस्ट को आवंटित किया था।
जांच में सामने आया है कि जमीन आवंटन की शर्तों का कथित तौर पर उल्लंघन करते हुए उसका बड़े पैमाने पर व्यावसायिक उपयोग किया गया। ईडी का आरोप है कि ट्रस्ट को जिस उद्देश्य से जमीन दी गई थी, उसका पालन नहीं किया गया और उससे भारी आर्थिक लाभ कमाया गया।
एजेंसी ने बताया कि जांच की शुरुआत बांद्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के आधार पर हुई थी। शिकायत रंग शारदा प्रतिष्ठान ट्रस्ट के ट्रस्टियों की ओर से दर्ज कराई गई थी, जिसमें प्रभुदास वीरचंद लोटिया और रंग शारदा होटल्स प्राइवेट लिमिटेड पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे। इसी आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ईडी के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि ट्रस्ट को आवंटित जमीन पर कंपनी के माध्यम से कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया। आरोप है कि आवश्यक सरकारी मंजूरियों और आवंटन की शर्तों की अनदेखी करते हुए परिसर में होटल, रेस्टोरेंट, बार, मैरिज हॉल और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की गईं। वहीं, समझौते के तहत ट्रस्ट को सौंपे जाने वाले ड्रामा थिएटर और कलाकारों के आवास की व्यवस्था नहीं की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)