हरदोई मे प्राण प्रतिष्ठा शोभायात्रा में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 13 घायल
प्रतिबंध के बावजूद सवारियां ढोने पर उठे सवाल, समय रहते सख्ती होती तो टल सकता था हादसा
हरदोई (आरएनआई) हरपालपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की शोभायात्रा में जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में महिलाएं और बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचाया गया, जहां से छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत सामान्य बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरनई चतरका में नवनिर्मित शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम की शोभायात्रा में शामिल होने के लिए गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे थे। ट्रॉली में करीब 20 से 25 लोग सवार थे। उन्नाव-कटरा मार्ग पर इक्कनौर गांव के पास चालक की लापरवाही के चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही हरपालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। घायलों में प्रियंशी, प्रियंका, नैन्सी, रामप्यारी, योगेश, सुदामा, गौरव, मुस्कान, संध्या, शिवानी, वर्षा, प्रेमवती और ओमवती शामिल हैं।
घटना के बाद एक बार फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली से सवारी ढोने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शासन द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों के परिवहन पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी खुलेआम लोगों को ढोया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस और प्रशासन पहले से ऐसे वाहनों पर सख्ती करते तो यह हादसा टल सकता था।
क्षेत्राधिकारी हरपालपुर श्री सतेन्द्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और चालक के खिलाफ लापरवाही सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)