हरदोई मेडिकल कॉलेज का नाम होगा शहीद मेजर पंकज पांडेय के नाम, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया ऐलान
हरदोई। कारगिल युद्ध के वीर सपूत अमर शहीद मेजर पंकज कुमार पांडेय की पुण्यतिथि पर आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हरदोई को बड़ी सौगात दी। उन्होंने घोषणा की कि हरदोई मेडिकल कॉलेज का नाम अमर शहीद मेजर पंकज कुमार पांडेय के नाम पर रखा जाएगा। इसके लिए शासन स्तर पर जल्द आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने शहीद मेजर पंकज कुमार पांडेय की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने परिसर में पौधरोपण किया और शहीद के जीवन एवं शौर्य से जुड़े प्रदर्शनों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शहीद के पिता अवधेश कुमार पांडेय का सम्मान भी किया।
अपने संबोधन में ब्रजेश पाठक ने कहा कि मेजर पंकज कुमार पांडेय ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने साथी सैनिक की जान बचाने के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि हरदोई की माटी के इस वीर सपूत पर पूरे प्रदेश को गर्व है और उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शहीदों और उनके परिजनों के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरदोई के विकास से जुड़े कार्य भी तेजी से आगे बढ़ाए जाएंगे।
समारोह की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी ने की। उन्होंने मेजर पंकज कुमार पांडेय के साथ बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को याद किया। उन्होंने कहा कि देश ऐसे वीर सैनिकों के बलिदान को कभी नहीं भुला सकता।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह, विधायक मानवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पी.के. वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह 'बब्बन', ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेयी, शहीद के पिता अवधेश कुमार पांडेय, माता राधा पांडेय, डॉ. सुशील चंद्र त्रिवेदी 'मधुपेश', डॉ. पवन पुत्र बादल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पूर्व सैनिक और नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)