हरदोई में बिजली संकट पर सपा का हमला, रामज्ञान गुप्ता ने दी आंदोलन की चेतावनी
हरदोई। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका हरदोई के अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर भाजपा सरकार और बिजली विभाग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरदोई के सांडी चुंगी सर्कुलर रोड क्षेत्र में पिछले सप्ताह करीब 17 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही थी और 13 जुलाई की रात करीब 9 बजे से एक बार फिर बिजली गुल हो गई। उनका कहना है कि लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई और शिकायत करने के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार हो रही कटौती से लोग भीषण गर्मी और उमस में परेशान हैं। बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है और लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि बिजली न होने के कारण बच्चे मोमबत्ती की रोशनी में पढ़ाई करने को मजबूर हैं, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।
रामज्ञान गुप्ता ने बिजली विभाग पर मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि घटिया गुणवत्ता के तार और उपकरण लगाए जाने के कारण बार-बार लोकल फॉल्ट और तकनीकी खराबियां सामने आ रही हैं। उन्होंने विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि इसकी सबसे बड़ी कीमत आम जनता को चुकानी पड़ रही है।
सपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार के बिजली व्यवस्था सुधारने के सभी दावे खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जिले की विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर भाजपा सरकार और बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)