हरदोई में बकरीद व गंगा दशहरा को लेकर प्रशासन सख्त, नई परंपरा पर रोक
हरदोई (आरएनआई)। कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में गंगा दशहरा एवं आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं एवं सुरक्षा प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि बकरीद पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा प्रतिबंधित पशुओं के कटान पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही सार्वजनिक मार्गों एवं सड़कों पर नमाज अदा न किए जाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद अवशेषों का निस्तारण शासन की गाइडलाइन के अनुसार ढंककर और व्यवस्थित तरीके से कराया जाए।
ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी, सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर
बैठक में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कहा कि बकरीद एवं अन्य पर्वों को सकुशल संपन्न कराने के लिए संवेदनशील स्थलों और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विद्युत एवं जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जहां भी जर्जर तार एवं खराब ट्रांसफार्मर हैं, उन्हें तत्काल बदला जाए। सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
गंगा दशहरा पर्व को लेकर जिलाधिकारी ने प्रमुख गंगा घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा गोवंश को सड़कों पर आवारा न घूमने देने और उन्हें गोशालाओं में संरक्षित कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, संयुक्त मजिस्ट्रेट संस्कृति द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)