हरदोई में निजी बस स्टापों की भूमि समतलीकरण के निर्देश, ई-रिक्शों की होगी सघन चेकिंग
हरदोई (आरएनआई) जिलाधिकारी अनुनय झा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के साथ नगरीय क्षेत्र से बाहर प्रस्तावित निजी बस स्टाप स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को बस स्टाप के लिए आवंटित भूमि का तत्काल समतलीकरण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने देहात कोतवाली के आगे सीतापुर मार्ग तथा एफसीआई गोदाम के आगे लखनऊ मार्ग पर संचालित होने वाली निजी बसों के लिए निर्धारित स्थलों का निरीक्षण करते हुए उप जिलाधिकारी सदर एवं ईओ हरदोई को निर्देशित किया कि भूमि को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से समतल कराया जाए, ताकि निजी बसों का संचालन सुचारू रूप से शुरू हो सके।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार एवं एआरटीओ अरविन्द कुमार सिंह को शहर में संचालित ई-रिक्शों की सघन चेकिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शों का संचालन केवल निर्धारित रूट पर सुनिश्चित कराया जाए, जिससे शहर में लगने वाले जाम की समस्या में सुधार हो सके। साथ ही अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शों के विरुद्ध चालान सहित विधिक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मयंक कुंडू, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, प्रभारी कोतवाली देहात, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)