हरदोई में जनगणना अभियान शुरू, विकास योजनाओं के लिए जुटेंगे आंकड़े
हरदोई (आरएनआई)। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य का शुभारम्भ जनपद में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा एवं नगर पालिका परिषद हरदोई के अध्यक्ष सुखसागर मिश्र ‘मधुर’ के आवास से हुई। यह अभियान जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुनय झा तथा अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी दीपाली भार्गव के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।
इस दौरान प्रेमावती वर्मा ने प्रगणक को अपने मकान संबंधी जानकारी उपलब्ध कराते हुए मकान सूचीकरण कार्य कराया और प्रश्नावली के सभी प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब प्रगणक उनके घर पहुंचे तो उन्हें पूरा सम्मान देते हुए सही एवं सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी, इसलिए बिना किसी भय के सही-सही जानकारी प्रदान करें और जनगणना कार्य में सहयोग करें।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुखसागर मिश्र ‘मधुर’ ने कहा कि जनगणना के आंकड़ों का उपयोग सरकार द्वारा नीतियां बनाने और विकास कार्यों को गति देने में किया जाता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में सहयोग करना चाहिए, ताकि सही आंकड़ों के आधार पर योजनाएं तैयार की जा सकें।
इस अवसर पर चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हरदोई रामेन्द्र सिंह, जनगणना निदेशालय द्वारा नामित जिला प्रभारी विनय कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)