राघोपुर से तेजस्वी 3,500 वोटों से आगे, जमुई में श्रेयसी सिंह विजयी; बिहार की चर्चित सीटों पर नजर

Nov 14, 2025 - 16:56
 0  324
राघोपुर से तेजस्वी 3,500 वोटों से आगे, जमुई में श्रेयसी सिंह विजयी; बिहार की चर्चित सीटों पर नजर

पटना (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में एनडीए महागठबंधन से आगे बढ़ती दिख रही है। राज्य की 243 सीटों पर सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई, जिसके बाद कई दिग्गज उम्मीदवारों की सीटों पर रोमांच चरम पर है। राघोपुर, तारापुर, लखीसराय, महुआ और जमुई जैसी चर्चित सीटों पर मतदाताओं का फैसला धीरे-धीरे सामने आ रहा है।

राघोपुर सीट से राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव 3,500 वोटों से आगे चल रहे हैं। यह सीट हमेशा से राजनीतिक रूप से हॉट रही है और इस बार भाजपा के सतीश कुमार यादव, जिन्होंने 2010 में राबड़ी देवी को मात दी थी, उन्हें चुनौती दे रहे हैं। जनसुराज के चंचल कुमार भी इस सीट से चुनाव मैदान में हैं। दो बार के विधायक रह चुके तेजस्वी अपने गढ़ को तीसरी बार बचाने की कोशिश में हैं।

दूसरी ओर, जमुई से भाजपा प्रत्याशी और शूटर से नेता बनीं श्रेयसी सिंह ने जीत दर्ज कर ली है। श्रेयसी लगातार दूसरी बार इस सीट पर अपना दबदबा बनाए हुए हैं और शुरुआती रुझानों को ही अंतिम परिणामों में बदल दिया। उनकी जीत से एनडीए खेमे में उत्साह है।

उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी इस बार तारापुर से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां वह बढ़त बनाए हुए हैं। राजद उम्मीदवार अरुण कुमार के साथ उनका मुकाबला हॉट माना जा रहा था, लेकिन रुझानों में सम्राट चौधरी अपनी स्थिति मजबूत कर चुके हैं।

लखीसराय से भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा एक बार फिर आगे बढ़ते दिख रहे हैं। यह सीट उनकी मजबूत पकड़ वाली मानी जाती है। उनका मुकाबला कांग्रेस के अमरेष कुमार से है, लेकिन रुझान भाजपा के पक्ष में झुकते दिख रहे हैं।

मोकामा में बाहुबली नेता अनंत सिंह, जो इस बार जदयू के टिकट पर मैदान में हैं, आगे चल रहे हैं। चर्चित हत्याकांड के बाद पुलिस कार्रवाई ने इस सीट को राष्ट्रीय सुर्खियों में ला दिया था। अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनके प्रचार की कमान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने संभाली थी।

महुआ में तेज प्रताप यादव पीछे चल रहे हैं। अपनी नई पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे तेज प्रताप को इस बार राजद और जनसुराज दोनों की कड़ी चुनौती मिली है। यहां मुकाबला त्रिकोणीय है, जिससे तेज प्रताप का समीकरण बिगड़ा हुआ दिख रहा है।

अलीनगर से भाजपा ने इस बार चर्चित लोकगायिका मैथिली ठाकुर को मैदान में उतारा है। रुझानों में मैथिली ठाकुर आगे चल रही हैं और उनका मुकाबला राजद के विनोद मिश्रा से है।

सरायरंजन में जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी लगातार चौथी जीत की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। वह 2010 से यहां अपनी जीत का सिलसिला जारी रखे हुए हैं और इस चुनाव में भी बढ़त बनाए हुए हैं।

सीवान के रघुनाथपुर में बाहुबली शाहबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को राजद ने टिकट दिया है और शुरुआती रुझानों में वह आगे चल रहे हैं। यहां जदयू के विकास कुमार सिंह और जनसुराज के राहुल कीर्ति भी मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला राजद और जदयू के बीच सिमटता दिख रहा है।

छपरा में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव इस बार पीछे चल रहे हैं। भाजपा की छोटी कुमारी लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। खेसारी आरजेडी के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और यह सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में शामिल है।

अन्य सीटों जैसे कटिहार, झंझारपुर, सुपौल, दानापुर और नबीनगर में भी क्रमशः भाजपा, जदयू और कांग्रेस के उम्मीदवारों के पक्ष में बढ़त के रुझान सामने आ रहे हैं।

बिहार के इस चुनाव में कई बड़े चेहरे, राजनीतिक समीकरण और जातीय गणित दांव पर है। शुरुआती रुझानों ने मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है और अंतिम नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.