मणिपुर में बंद से जनजीवन ठप, चुराचांदपुर में प्रदर्शन तेज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Feb 6, 2026 - 12:10
 0  108
मणिपुर में बंद से जनजीवन ठप, चुराचांदपुर में प्रदर्शन तेज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इंफाल (आरएनआई) मणिपुर में नई सरकार के गठन के बाद एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। चुराचांदपुर जिले में दो कुकी-जो विधायकों के सरकार बनाने की प्रक्रिया में शामिल होने के विरोध में आदिवासी संगठनों ने शुक्रवार को बंद का आह्वान किया, जिससे जिले में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। बाजार बंद रहे, सड़कों पर यातायात ठप हो गया और सरकारी कार्यालयों व शैक्षणिक संस्थानों में उपस्थिति बेहद कम रही।

कुकी स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन ने शुक्रवार आधी रात से 24 घंटे के बंद का एलान किया था, जबकि ‘ज्वाइंट फोरम ऑफ सेवन’ ने सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक बंद का समर्थन किया। बंद का सबसे ज्यादा असर जिला मुख्यालय के तुइबोंग इलाके में देखने को मिला। हालात को देखते हुए प्रशासन ने जिले के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं और चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

शुक्रवार सुबह बंद के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग हाथों में लाठियां लेकर सड़कों पर उतर आए। इस बीच कुकी महिला मानवाधिकार संगठन ने भी दोपहर में विधायकों के विरोध में एक बड़ी रैली निकालने की घोषणा की है, जिससे प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है।

इससे पहले गुरुवार शाम तुइबोंग फॉरेस्ट गेट के पास प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हो गई थी। भीड़ द्वारा पत्थरबाजी के बाद हालात काबू में करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। यह टकराव देर रात करीब तीन बजे तक चला, जिसमें दो प्रदर्शनकारियों के घायल होने की सूचना है।

विवाद की जड़ उस समय सामने आई जब विधायक एन सनाटे और एल एम खाउते बुधवार को इंफाल पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश करने वाली एनडीए टीम का हिस्सा बने। दोनों विधायकों ने उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन के साथ गुरुवार को विधानसभा सत्र में वर्चुअल रूप से भाग लिया था, जिसे लेकर कुछ संगठनों ने कड़ा विरोध जताया।

वहीं, इंडिजिनस ट्राइब्स एडवोकेसी कमेटी ने इस मामले में संयम बरतने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि विधायक एन सनाटे को डराने या उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को फेरजावल और जिरीबाम जिलों के आदिवासियों का अपमान माना जाएगा। कमेटी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस विवाद से हमार, कुकी और जोमी जनजातियों के बीच आपसी सौहार्द नहीं बिगड़ना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.