बागेश्वर धाम के पास फायरिंग: धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम पर गोली चलाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पास हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घायल किसान ने बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। वहीं, धीरेंद्र शास्त्री ने इस मामले से खुद को अलग बताते हुए कहा कि उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, घटना राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में हुई। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद के दौरान शालिग्राम गर्ग और उनके साथियों ने उन पर हमला किया और गोली चलाई। घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल किसान का आरोप है कि क्षेत्र में किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि जमीन बेचने से इनकार करने वाले किसानों को धमकाया जाता है और उनके साथ मारपीट की जाती है। उन्होंने दावा किया कि इसी विवाद के चलते उन पर गोली चलाई गई।
घटना के बाद छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि प्राथमिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने एक्स-रे में शरीर में गोली जैसी वस्तु दिखाई देने की जानकारी दी है। पुलिस घायल के बयान दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस बीच, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बयान जारी कर कहा कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और उन्हें इस विवाद से जोड़कर न देखा जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)