फर्जी वेबसाइट और गेमिंग ऐप के जरिए साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 10 सदस्य गिरफ्तार

Monday, June 1, 2026 - 19:42
0
फर्जी वेबसाइट और गेमिंग ऐप के जरिए साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 10 सदस्य गिरफ्तार

हरदोई (आरएनआई)। जनपद में साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी वेबसाइट एवं गेमिंग ऐप के माध्यम से लोगों से साइबर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 4 लैपटॉप, 2 टैबलेट, 26 मोबाइल फोन, 42 सिम कार्ड, 6 एटीएम कार्ड, 4 पासबुक तथा भारी मात्रा में डिजिटल दस्तावेज और यूआईडी सॉफ्ट कॉपी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देशन में 31 मई 2026 को की गई कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्तों में जब्बर सिंह उर्फ जर्सी सिंह, अनुपम सिंह, गगन साहू, रामवीर सिंह, तब्बूश गुप्ता, लवकुश सिंह, हर्षित सिंह, अभय पाण्डेय, अर्जुन कुमार रावत तथा शुभम गुप्ता उर्फ रजनीश गुप्ता शामिल हैं। इनमें हरदोई, सीतापुर, सिद्धार्थनगर तथा छत्तीसगढ़ के निवासी शामिल हैं।

तीन टीमों में संचालित होता था साइबर ठगी का नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्त संगठित तरीके से तीन अलग-अलग टीमों में काम करते थे। पहली टीम फर्जी वेबसाइट और गेमिंग ऐप तैयार कर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराती थी। दूसरी टीम व्हाट्सएप ग्रुप, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को इन वेबसाइटों से जोड़ने तथा उन्हें निवेश के लिए प्रेरित करने का काम करती थी। जबकि तीसरी टीम बैंक खातों, सिम कार्ड और डिजिटल पहचान संबंधी संसाधनों की व्यवस्था कर ठगी की रकम को विभिन्न खातों में स्थानांतरित कराती थी।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह द्वारा KABOOK, spon99.vip, RolexPanel तथा Lotus365 जैसी वेबसाइटों और गेमिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा था। इन प्लेटफॉर्मों पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को गेमिंग और निवेश के नाम पर धन जमा कराने के लिए प्रलोभन दिया जाता था।

भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण और दस्तावेज बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 लैपटॉप, 2 टैबलेट, 26 मोबाइल फोन, 42 सिम कार्ड, 6 एटीएम कार्ड, 4 पासबुक, एक आधार कार्ड की हार्ड कॉपी तथा अन्य व्यक्तियों के दस्तावेजों की प्रतियां बरामद की हैं। बरामद सामग्री से बड़े स्तर पर साइबर ठगी नेटवर्क संचालित होने के संकेत मिले हैं।

अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं गिरोह से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम में निरीक्षक राजेश कुमार शर्मा, निरीक्षक उमेश त्रिपाठी, निरीक्षक वहीद अहमद, कांस्टेबल गौरव त्रिपाठी, शिवगोविंद यादव, प्रिंस चौधरी, जयप्रभ राज तथा हरेन्द्र सिंह शामिल रहे, जिनकी सक्रिय भूमिका से इस बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User