पीएम मोदी ने भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन, आंध्र प्रदेश को मिली विकास की नई उड़ान

Saturday, August 1, 2026 - 12:54
0
पीएम मोदी ने भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन, आंध्र प्रदेश को मिली विकास की नई उड़ान

भोगापुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में बने अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक हवाई अड्डे को उत्तर आंध्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने राज्य में लगभग 18,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। इसके बाद जनसभा स्थल तक उनके रोड शो का आयोजन हुआ, जहां जनजातीय समुदाय की 13,500 से अधिक महिलाओं और छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक ढिमसा नृत्य प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया।

सरकार के अनुसार, भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्देश्य क्षेत्र में उद्योग, निवेश, रोजगार, निर्यात, कौशल विकास और अनुसंधान को बढ़ावा देना है। पहले चरण में यह हवाई अड्डा प्रतिवर्ष 60 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा, जबकि भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों प्रतिवर्ष करने की योजना है।

हवाई अड्डे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बिल्डिंग इन्फॉर्मेशन मॉडलिंग (बीआईएम), एयरसाइड 4.0 तकनीक, एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर (एपीओसी) और बायोमेट्रिक यात्री प्रणाली जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। इसका वास्तुशिल्प डिजाइन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है। टर्मिनल की छत पारंपरिक झोपड़ियों और अराकू घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य से प्रेरित है, जबकि इसकी लहरदार बनावट उड़ती हुई मछली की गति को दर्शाती है।

प्रधानमंत्री ने विशाखापत्तनम में 460 करोड़ रुपये की लागत वाली एएसआईपी सेमीकंडक्टर परियोजना की आधारशिला भी रखी। एएसआईपी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और दक्षिण कोरिया की एपीएसीटी की साझेदारी में बनने वाली यह आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई होगी, जिसे इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूरी मिली है। इस संयंत्र में हर वर्ष लगभग 9.6 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन किया जाएगा, जिससे राज्य में इलेक्ट्रॉनिक्स और सहायक उद्योगों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User