देश का सेवा निर्यात चालू वित्त वर्ष में 300 अरब डॉलर के लक्ष्य को पार करेगा : पीयूष गोयल

देश का सेवा निर्यात क्षेत्र काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को यह बात कही।

Tuesday, January 24, 2023 - 16:30
0
देश का सेवा निर्यात चालू वित्त वर्ष में 300 अरब डॉलर के लक्ष्य को पार करेगा : पीयूष गोयल
पीयूष गोयल

गांधीनगर, 24 जनवरी 2023, (आरएनआई)। देश का सेवा निर्यात क्षेत्र काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को यह बात कही।

गोयल ने यहां कहा कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद चालू वित्त वर्ष में सेवाओं का निर्यात करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 300 अरब डॉलर के लक्ष्य को पार कर जाएगा।

उन्होंने कहा कि वस्तुओं के निर्यात की बात की जाए, तो यह क्षेत्र भी स्वस्थ वृद्धि दर्ज कर रहा है। दुनिया में मंदी, मुद्रास्फीतिक दबाव और जिंसों की ऊंची कीमतों के बावजूद वस्तुओं का निर्यात अच्छा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन सब दबावों के बावजूद चालू वित्त वर्ष के पहले नौ माह अप्रैल-दिसंबर में देश का निर्यात नौ प्रतिशत बढ़ा है।

गोयल ने कहा, ‘‘सेवाओं की बात करें, तो हमने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। सेवाओं के मामले में हम निर्यात में कम से कम 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करेंगे। हम 300 अरब डॉलर के सेवा निर्यात के लक्ष्य को पार कर लेंगे।’’

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर प्रतिकूल परिस्थितियों तथा दुनिया के प्रत्येक हिस्से से दबाव की खबरों के बीच कुल मिलाकर यह एक बहुत ही संतोषजनक साल होगा।’’ उन्होंने कहा कि सरकार के संरचनात्मक सुधारों तथा ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ जैसे कदमों के नतीजे दिखने लगे हैं।

अप्रैल-दिसंबर 2022-23 के दौरान, कुल निर्यात नौ प्रतिशत बढ़कर 332.76 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 24.96 प्रतिशत बढ़कर 551.7 अरब डॉलर रहा है। चालू वित्त वर्ष के पहले नौ माह में व्यापार घाटा बढ़कर 218.94 अरब डॉलर हो गया है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 136.45 अरब डॉलर रहा था। पिछले वित्त वर्ष में देश का वस्तुओं का निर्यात 422 अरब डॉलर के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था।

गोयल यहां बी20 इंडिया शुरुआती बैठक के उद्घाटन सत्र में भाग लेने आए थे। इस बैठक का आयोजन भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User