गाजीपुर में ‘ऑपरेशन वज्र’ की बड़ी कार्रवाई: मुख्तार अंसारी गैंग के 61 ठिकानों पर छापे, 24 हिरासत में

Monday, May 4, 2026 - 19:05
Updated: 3 months ago
0
गाजीपुर में ‘ऑपरेशन वज्र’ की बड़ी कार्रवाई: मुख्तार अंसारी गैंग के 61 ठिकानों पर छापे, 24 हिरासत में

गाजीपुर में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए ‘ऑपरेशन वज्र’ चलाया। इस अभियान के तहत कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी के IS-191 गैंग पर शिकंजा कसते हुए एक साथ 61 सदस्यों और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में पांच थानों की 12 विशेष टीमों ने मोहम्मदाबाद, भांवरकोल, करंडा, जंगीपुर और सदर कोतवाली क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। इस दौरान अब तक 24 लोगों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस गैंग के आर्थिक नेटवर्क, अवैध संपत्तियों, हथियारों और आपराधिक गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे और बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

अभियान के तहत पुलिस ने गैंग से जुड़े फरार और 50 हजार के इनामी आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी है। इसी क्रम में मोहम्मदाबाद स्थित आवास पर दबिश दी गई और संबंधित लोगों से पूछताछ की गई।

पुलिस का कहना है कि IS-191 गैंग के 61 चिन्हित सदस्यों के पास करीब 90 लाइसेंसी और अवैध असलहे दर्ज हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है। कई हथियारों के निलंबन और निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। साथ ही प्रत्येक संदिग्ध का विस्तृत डोजियर तैयार किया जा रहा है, ताकि संगठित अपराध के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

पुलिस के मुताबिक, गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें संकेत मिले थे कि गैंग के सदस्य जिले में अवांछनीय गतिविधियों के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। ‘ऑपरेशन वज्र’ के जरिए पुलिस अब इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार दबिश दे रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User