'खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं': राघव चड्ढा का तीखा संदेश, AAP के फैसले पर बढ़ी सियासी गर्मी
चंडीगढ़ (आरएनआई) आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा में बड़ा फैसला लेते हुए राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने उनकी जगह उद्योगपति से सांसद बने अशोक मित्तल को उपनेता नियुक्त किया है, वहीं राज्यसभा में चड्ढा को बोलने के लिए समय न देने का भी आग्रह किया गया है।
इस घटनाक्रम पर राघव चड्ढा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं।” उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनके बोलने से किसी को क्या दिक्कत है। चड्ढा ने कहा कि जब भी उन्हें राज्यसभा में बोलने का अवसर मिला, उन्होंने हमेशा आम आदमी से जुड़े मुद्दों को उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या यह गलत है और क्यों कोई उन्हें इन मुद्दों को उठाने से रोकना चाहता है।
उन्होंने भावनात्मक अंदाज में कहा कि वह जनता के लिए और जनता के साथ खड़े हैं। साथ ही उन्होंने संदेश देते हुए कहा, “मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना, मैं वो दरिया हूं जो वक्त आने पर सैलाब बनता है।” इस बयान के साथ उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उनके संसद में दिए गए भाषणों के अंश शामिल थे।
दूसरी ओर, इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी और उसके नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि यह फैसला पार्टी के अंदरूनी संकट और नेतृत्व की कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल अपनी ही पार्टी के नेताओं के असंतोष को संभालने में असफल रहे हैं।
सचदेवा ने यह भी कहा कि किसी भी पार्टी को अपने संसदीय दल का नेतृत्व तय करने का अधिकार होता है, लेकिन किसी सांसद को बोलने का समय न देने का अनुरोध करना असामान्य और चिंताजनक है। उन्होंने इसे इस बात का संकेत बताया कि राघव चड्ढा और पार्टी नेतृत्व के बीच दूरी बढ़ रही है। इस घटनाक्रम ने आम आदमी पार्टी के भीतर की राजनीति और भी गर्मा दी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)