कुपोषण पर डीएम का सख्त रुख, खराब प्रगति पर जताई नाराजगी
हरदोई। जनपद में कुपोषण मुक्त समाज के लक्ष्य को लेकर जिलाधिकारी अनुनय झा ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ सख्त समीक्षा बैठक की। स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक में उन्होंने पोषण योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए स्पष्ट कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को मिलने वाले लाभ में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने समयबद्ध ढंग से सभी लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा कुपोषण उन्मूलन अभियान की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित होने वाले पुष्टाहार का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। यदि वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता या शिकायत सामने आती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान आरबीएसके टीम के जिला प्रभारी के बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आवेदन सुनिश्चित कराने को कहा। योजना में सुरसा और पिहानी ब्लॉक की खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित सीडीपीओ को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लगातार लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी बच्चों के वजन और लंबाई की शत-प्रतिशत मैपिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय से टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और कुपोषित बच्चों की पहचान का कार्य तेजी से पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराया जाए तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में टीएचआर प्लांट की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी सीडीपीओ को प्रत्येक सप्ताह टीएचआर प्लांट का निरीक्षण कर उसकी फोटो समूह में साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने 10 जुलाई तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन वितरण हर हाल में पूरा कराने को कहा। राशन वितरण की धीमी प्रगति पर नैफेड के जिला प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। पिहानी, भरखनी, शाहाबाद और सुरसा ब्लॉक की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए अगली समीक्षा बैठक तक उल्लेखनीय सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)