कछौना के लाल कृष्ण कुमार सिंह (केके) ने संभाला यूपी रेरा में संयुक्त सचिव का पद: क्षेत्र में जश्न का माहौल
कछौना, हरदोई (आरएनआई) विकास खण्ड कछौना के अंतर्गत गौसगंज क्षेत्र के ग्राम कहली का मान आज प्रदेश स्तर पर बढ़ गया है। गांव के होनहार सपूत कृष्ण कुमार सिंह (केके) ने उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) में संयुक्त सचिव के महत्वपूर्ण पद पर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जैसे ही कृष्ण कुमार सिंह के पदभार ग्रहण करने की सूचना कहली गांव पहुँची, समूचा क्षेत्र खुशी से झूम उठा। ग्रामीणों और इष्ट-मित्रों ने जमकर आतिशबाजी की और मिष्ठान वितरण कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। अपनी कर्मठता और मिलनसार स्वभाव के धनी कृष्ण कुमार सिंह की इस उपलब्धि ने युवाओं के लिए प्रेरणा की एक नई मिसाल पेश की है। कृष्ण कुमार सिंह की सफलता की जड़ें उनके सेवाभावी परिवार से जुड़ी हैं। वे क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व और लगभग 30 वर्षों तक ग्राम प्रधान रहे रामरतन सिंह के सुपुत्र हैं। पिता द्वारा दशकों तक की गई जनसेवा के पदचिह्नों पर चलते हुए अब कृष्ण कुमार सिंह प्रदेश स्तर पर अपनी प्रशासनिक कुशलता का परचम लहरा रहे हैं।अपनी विशिष्ट कार्यशैली के कारण प्रशासनिक गलियारों में अधिकारियों के चहेते रहे कृष्ण कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा— "यह जिम्मेदारी मेरे लिए सेवा का एक नया अवसर है। मैं अपनी समस्त ऊर्जा और निष्ठा के साथ इस पद की गरिमा को बनाए रखूंगा और पूरी ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा।" कछौना और गौसगंज क्षेत्र के विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)