आज़ादी के 78 साल बाद कन्हौवा ग्राम की बदली किस्मत: विधायक और एमएलसी के प्रयास से पक्के मार्ग और पुल को मिली मंज़ूरी
कछौना, हरदोई (आरएनआई) विकासखंड कछौना के ग्राम कन्हौवा के निवासियों के लिए एक ऐतिहासिक खबर सामने आई है। देश की आज़ादी के 78 वर्ष बीत जाने के बाद भी यह गाँव एक पक्के मार्ग के लिए तरस रहा था, लेकिन अब ग्रामीणों का यह इंतज़ार खत्म होने वाला है। क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा और सदस्य विधान परिषद अशोक अग्रवाल के विशेष प्रयासों से शासन ने गाँव को जोड़ने के लिए पक्के मार्ग और बरसाती नाला (ड्रेन) पर पुल के निर्माण हेतु करोड़ों का बजट और टेंडर स्वीकृत कर दिया है।ग्राम सभा नारायण देव का यह दलित बाहुल्य मजरा 'कन्हौवा' भौगोलिक रूप से एक तरफ बरसाती नाले और दूसरी तरफ रेलवे लाइन से घिरा है। कच्चा रास्ता होने के कारण बरसात के दिनों में यहाँ आवागमन पूरी तरह ठप्प हो जाता था। लगभग 200 की आबादी वाले इस गाँव में सबसे बुरा हाल स्कूली बच्चों, मरीजों और गर्भवती महिलाओं का होता था।ग्रामीणों की इस ज्वलंत समस्या को देखते हुए विधायक रामपाल वर्मा और एमएलसी अशोक अग्रवाल ने शासन-प्रशासन के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा। जनप्रतिनिधियों की पैरवी के बाद विभाग जागा और ग्राम समसपुर से कन्हौवा तक पक्का मार्ग व ड्रेन पर पुलिया निर्माण की स्वीकृति मिली। इस विकास कार्य का औपचारिक शुभारंभ शनिवार को विधायक रामपाल वर्मा और युवा नेता संचित अग्रवाल की उपस्थिति में विभागीय अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। इस खबर के बाद कन्हौवा सहित आसपास के दर्जनों गाँवों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए अपने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)