कंझावला मामला: 11 पुलिसकर्मी निलंबित

दिल्ली पुलिस ने कंझावला मामले में शुक्रवार को अपने 11 कर्मियों को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

Friday, January 13, 2023 - 21:30
0
कंझावला मामला: 11 पुलिसकर्मी निलंबित

नयी दिल्ली, 13 जनवरी 2023, (आरएनआई)। दिल्ली पुलिस ने कंझावला मामले में शुक्रवार को अपने 11 कर्मियों को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नव वर्ष के पहले ही दिन तड़के 20 वर्षीय एक युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी थी और कार में फंस गयी युवती को आरोपी लगभग 12 किलामीटर तक सुल्तानपुरी से कंझावला तक सड़कों पर घसीटते रहे जिससे उसकी मौत हो गई थी।

उन्होंने बताया कि जिन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, वे घटना के समय रास्ते में पीसीआर और चौकियों में ड्यूटी पर थे।

गृह मंत्रालय ने इस मामले में बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस को तीन पीसीआर वैन और दो चौकियों में ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को निलंबित करने का निर्देश दिया था।

विशेष आयुक्त शालिनी सिंह की अध्यक्षता वाली जांच समिति द्वारा एक रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘रोहिणी जिले के उन 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जो इस घटना के समय मार्ग पर पीसीआर और पिकेट पर तैनात थे।’’

अधिकारी ने बताया कि दो चौकियों में तैनात पांच और तीन पीसीआर वैन के छह कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इनमें दो उपनिरीक्षक, चार सहायक उपनिरीक्षक, चार हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल शामिल हैं।

मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया था कि गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को पीसीआर वैन, जांच चौकी के पर्यवेक्षण अधिकारियों को अपना कर्तव्य निभाने में कथित तौर पर असफल रहने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने का भी निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा था कि उस रात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को मामले में जल्द से जल्द आरोपपत्र दायर करने का निर्देश दिया है ताकि दोषियों को सजा मिल सके। दिल्ली पुलिस को भी यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है कि जांच में कोई शिथिलता न हो और वे जांच की प्रगति के संबंध में गृह मंत्रालय को पाक्षिक रिपोर्ट सौंपे।

पुलिस ने घटना के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User