हरदोई में स्कूली वाहनों पर सख्ती, दो अनफिट बसों का चालान; एक निजी वाहन सीज
हरदोई, 4 जुलाई। जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 15 स्कूली वाहनों की जांच की गई, जिसमें दो अनफिट स्कूली वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा स्कूल बस के रूप में संचालित एक निजी पीले रंग के वाहन को नियमों के उल्लंघन पर निरुद्ध (सीज) कर दिया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर 1 जुलाई से 15 जुलाई तक 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत परिवहन विभाग की प्रशासन एवं प्रवर्तन शाखा संयुक्त रूप से स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।
अभियान के दौरान विभागीय टीम विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर स्कूली वाहनों का भौतिक निरीक्षण भी कर रही है तथा वाहन स्वामियों को आवश्यक दस्तावेज समय पर नवीनीकरण कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल वाहन स्वामियों और विद्यालय प्रबंधनों से अपील की है कि जिन वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा या प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त हो चुकी है, उनका तत्काल नवीनीकरण कराया जाए। बिना वैध दस्तावेज वाले वाहनों का संचालन करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने यह भी बताया कि 8 जुलाई से 15 जुलाई तक पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाएंगे। इस दौरान बिना फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र या अन्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों तथा निजी वाहनों के विरुद्ध चालान, सीज और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)