हरदोई में बुद्ध प्रतिमा स्थापना को लेकर बवाल, पुलिस टीम पर पथराव

Thursday, May 28, 2026 - 11:04
Updated: 2 months ago
0
हरदोई में बुद्ध प्रतिमा स्थापना को लेकर बवाल, पुलिस टीम पर पथराव

हरदोई (आरएनआई)। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महुआकोला में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापना को लेकर बुधवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। बिना प्रशासनिक अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने की सूचना पर मौके पर पहुंची राजस्व और पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि गांव में देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

प्रशासन के अनुसार गांव निवासी पुत्तीलाल पुत्र गिरजा प्रसाद मौर्य द्वारा अपनी निजी भूमि पर बने मंदिर में कुछ लोगों के साथ मिलकर भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की जा रही थी। स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए आरोप लगाया कि मंदिर में पहले कोई प्रतिमा नहीं थी और बिना विधिक अनुमति धार्मिक स्थापना की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।

बताया गया कि सुबह करीब 11 बजे से प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता चल रही थी। इसी दौरान लखनऊ समेत अन्य स्थानों से पहुंचे कुछ लोग भी मौके पर जमा हो गए। देर शाम माहौल अचानक उग्र हो गया और कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस व राजस्व टीम पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पथराव में एक पुलिसकर्मी और एक महिला आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम संडीला नारायणी भाटिया, क्षेत्राधिकारी हरियावां अजीत सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। देर रात पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा और जिलाधिकारी अनुनय झा ने भी गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि बिना विधिक अनुमति किसी भी धार्मिक प्रतिमा की स्थापना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा अन्य आरोपियों की पहचान कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User