सीएसएन पीजी कॉलेज की हीरक जयंती में गूंजा विकास और संस्कार का संदेश, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने छात्रों से किया आत्मीय संवाद

Thursday, February 26, 2026 - 18:59
Updated: 5 months ago
0
सीएसएन पीजी कॉलेज की हीरक जयंती में गूंजा विकास और संस्कार का संदेश, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने छात्रों से किया आत्मीय संवाद

हरदोई (आरएनआई) शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सीएसएन पीजी कॉलेज की हीरक जयंती समारोह का समापन गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।मंच पर पहुंचते ही उन्होंने औपचारिक भाषण के बजाय हरदोई की स्थानीय बोली में संवाद प्रारंभ किया, जिससे छात्र-छात्राओं में आत्मीयता और उत्साह का माहौल बन गया। अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि समय के साथ संसाधन और व्यवस्थाएं बदली हैं, लेकिन हरदोई की पहचान, संस्कार और आत्मीयता आज भी यथावत हैं।उप मुख्यमंत्री ने संस्थान के संस्थापक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मोहनलाल वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने बताया कि उनका परिवार वर्षों से वर्मा परिवार के संपर्क में रहा है और वे बचपन में अपने पिता के साथ इस परिसर में आया करते थे। उन्होंने पुराने समय की परिवहन और विद्युत व्यवस्था की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा के प्रति समर्पण और संघर्ष की भावना कभी कम नहीं हुई।ग्रामीण अंचलों—दलेलनगर, बावन, बालामऊ और कछौना—से आए विद्यार्थियों का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, शिक्षकों से सतत संवाद बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने संत कवि सूरदास, कबीर और रहीम के दोहों का उल्लेख करते हुए नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद को स्मरण कर युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा और प्राचार्य कौशलेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User