राहुल गांधी व अखिलेश यादव को हिरासत में लेने पर कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा, हरदोई में सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन
हरदोई। दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को हरदोई में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया। सिनेमा चौराहे से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला बताया।
सपा कार्यकर्ता पहले सिनेमा चौराहे पर एकत्र होकर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर नोकझोंक भी हुई। इसके बाद सपा और कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और गेट नंबर-2 के सामने धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने के लिए सरकार दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने नीट परीक्षा विवाद की निष्पक्ष जांच कराने, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पूर्व सांसद उषा वर्मा ने कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों की आवाज उठाने वाले नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना सरकार की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और उन्होंने सपा नेताओं के साथ विरोध दर्ज कराया।
मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार एवं क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।
प्रदर्शन में पूर्व सांसद उषा वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराज सिंह 'पम्मू', पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी, हरिनाम सिंह यादव, रहमत अली, सुधीर गुप्ता 'मिन्ना', संजय यादव एडवोकेट, शाहिद अहमद, अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव 'दीपू', शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, धीरज, मजरूल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पाण्डेय सहित सपा और कांग्रेस के बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)