भारतीय कृषक दल का संगठन विस्तार, सुरेश राठौर बने हरदोई जिलाध्यक्ष
हरदोई। भारतीय कृषक दल की जनपदीय बैठक श्रीशचंद्र बारात घर में राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार करते हुए सुरेश राठौर को हरदोई का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा रामसूरत कुशवाहा को प्रदेश उपाध्यक्ष, राजकुमार सिंह को जिला सचिव, संजय मिश्रा को संडीला तहसील अध्यक्ष तथा कमल बाजपेयी को सांडी नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित ने कहा कि प्रदेश में किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं मिल रहा है और उन्हें न्याय से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय कृषक दल किसानों के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। उनका दावा था कि बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं और संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।
नीट पेपर लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए सरोज दीक्षित ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते इस मामले को गंभीरता से लेकर वार्ता के माध्यम से समाधान निकाल लिया होता, तो आंदोलन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज जैसी घटनाएं नहीं होतीं। उन्होंने इस मामले में प्रधानमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजप्रकाश चौहान ने कहा कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। वहीं, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आलोक दीक्षित एडवोकेट ने कहा कि प्रदेशभर के अधिवक्ताओं को पार्टी से जोड़कर संगठन का विस्तार किया जाएगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुरेश राठौर ने कहा कि जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक भारतीय कृषक दल का संगठन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी आमजन के सुख-दुख में सहभागी बनेगी और उनकी समस्याओं को अपनी समस्या मानते हुए समाधान का प्रयास करेगी।
बैठक में रवि शुक्ला, प्रमोद सिंह, दिनेश सिंह, हरि सिंह यादव, सोनेलाल अवस्थी, इंद्रपाल राजपूत, शिशुपाल सिंह, तोताराम वर्मा, रामसूरत कुशवाहा, लक्ष्मी जी, रामसेवक, रामनरेश तिवारी, वेद प्रकाश गुप्ता, संत विजयगिरि, उदय प्रताप राठौर, उदय प्रताप सिंह, अरविंद सिंह, सियाराम राठौर, राजेंद्र यादव, कैप्टन राजेंद्र सिंह, सैनिक दिनेश तोमर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार भी रखे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)