बेनीगंज पुलिस मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, एक घायल

Friday, January 16, 2026 - 10:54
Updated: 7 months ago
0

हरदोई (आरएनआई) थाना बेनीगंज पुलिस टीम ने चोरी की घटना में वांछित ₹25-25 हजार के दो इनामी अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 जुलाई 2025 को वादी भागवत प्रताप पुत्र रमेश, निवासी ग्राम झुंडेला, थाना कोतवाली देहात, जनपद हरदोई द्वारा थाना बेनीगंज पर तहरीर दी गई थी। वादी इंडस टॉवर में आरएस कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है, जहां से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बैटरी चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में थाना बेनीगंज पर मु0अ0सं0 267/25, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना के सफल अनावरण हेतु पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर टीम गठित की गई तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

दिनांक 15/16 जनवरी 2026 की रात्रि को थाना बेनीगंज पुलिस टीम को सूचना मिली कि उक्त चोरी की घटना में संलिप्त दो अभियुक्त मोटरसाइकिल से इकरी मोड़ होते हुए संडीला मार्ग की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई, तभी अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई।

इस दौरान एक अभियुक्त मुकेश पुत्र राजेंद्र, निवासी ग्राम तुलसीपुर, थाना कमलापुर, जनपद सीतापुर, दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। दूसरे अभियुक्त सुरेश पुत्र समरेंद्र प्रताप, निवासी ग्राम जयपालपुर, थाना अटरिया, जनपद सीतापुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल अभियुक्त मुकेश को उपचार हेतु पहले सीएचसी कोथावां ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस एवं एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User