नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में केंट थाना पुलिस ने सीएम राइज स्कूल में आउटसोर्स भर्ती के फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर लाखों की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी को किया गिरफ्तार, जेल भेजा

Friday, January 16, 2026 - 21:46
Updated: 7 months ago
0
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में केंट थाना पुलिस ने सीएम राइज स्कूल में आउटसोर्स भर्ती के फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर लाखों की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी को किया गिरफ्तार, जेल भेजा

गुना (आरएनआई) सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा सरकारी स्कूल में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

               उल्लेखनीय है कि आरोपी रवि मीना निवासी ग्राम डोंगर, थाना विजयपुर, जिला गुना ने स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए सीएम राइज स्कूल में आउटसोर्स आधार पर कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर भर्ती कराने का झांसा देकर 08 युवक-युवतियों से 25-25 हजार रूपये लेकर उन्हें फर्जी जॉइनिंग लेटर प्रदान किए जाकर सभी के साथ करीब 02 लाख रूपये की धोखाधड़ी की गई । इस संबंध पीडितों द्वारा आरोपी रवि मीना के विरूद्ध केंट थाने में एक शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसकी जांच उपरांत दिनांक 14 जनवरी 2026 को आरोपी रवि मीना के विरूद्ध केंट थाने में अप.क्र. 35/26 धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीवद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।

               कैंट थाना पुलिस द्वारा धोखाधडी के उक्त प्रकरण में तत्परता से कार्यवाही करते हुए आरोपी की सरगर्मी से तलाश की गई और कुछ ही घंटों में आरोपी रवि पुत्र श्रीलाल मीना, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम डोंगर, थाना विजयपुर, जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं विधिक कार्यवाही उपरांत आरोपी को आज दिनांक 16 जनवरी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है ।    

               कैंट थाना पुलिस की इस तत्पर और प्रभावी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक अरून्धति राजावत, प्रधान आरक्षक शिवदयाल वर्मा, आरक्षक महेन्द्र वर्मा, आरक्षक राजू वघेल, आरक्षक सौरभ, आरक्षक गौरभ एवं आरक्षक सूर्यभान जाट की सराहनीय भूमिका रही है ।

               गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की नौकरी, भर्ती या नियुक्ति के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसों की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें । गुना पुलिस युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे ठगों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User