दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, प्रदर्शन के बीच केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 45 कंपनियां तैनात
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और विभिन्न संगठनों के विरोध-प्रदर्शनों के बीच सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस की मांग पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 45 कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दी है। ये कंपनियां फिलहाल 27 जुलाई तक दिल्ली में तैनात रहेंगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस की सहायता करेंगी।
अधिकारियों के अनुसार, तैनात किए गए बलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 24 कंपनियां, रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की 15, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 3, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 1 और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 2 कंपनियां शामिल हैं। इन सभी कंपनियों को दंगा-रोधी उपकरणों, मानक हथियारों और आवश्यक संसाधनों के साथ तैनात किया गया है।
बताया गया है कि पहले 30 कंपनियों की तैनाती का निर्णय लिया गया था, लेकिन कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के बाद अतिरिक्त कंपनियों को भी दिल्ली भेजा गया। इनमें सीआरपीएफ और आरएएफ की सबसे अधिक 39 कंपनियां शामिल हैं, जो संवेदनशील क्षेत्रों में दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी।
इस बीच, सुरक्षा कारणों से गुरुवार को नई दिल्ली क्षेत्र के 16 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया। इससे पहले बुधवार को भी एहतियात के तौर पर कई मेट्रो स्टेशनों का संचालन प्रभावित किया गया था।
प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। वहीं, प्रदर्शनकारियों से भी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और कानून का पालन करने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)