जैविक खेती और नैनो उर्वरकों से बदलेगी खेती की तस्वीर : अमित कुमार झा
हरदोई। कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से विकासखंड शाहाबाद के ग्राम गाहोरा में इफको किसान सेवा केंद्र द्वारा किसान सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत उर्वरकों तथा जैविक खेती के महत्व की जानकारी दी गई।
सभा को संबोधित करते हुए इफको किसान सेवा केंद्र के प्रभारी अमित कुमार झा ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत और भूमि की घटती उर्वरा शक्ति को देखते हुए किसानों को आधुनिक तकनीकों के साथ जैविक खेती को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो जिंक, सागरिका तरल एवं जैव उर्वरकों के उपयोग तथा उनसे होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जैविक खेती भूमि की सेहत को बेहतर बनाए रखने के साथ फसलों की गुणवत्ता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं नैनो उर्वरकों के प्रयोग से कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
इस दौरान इफको एमसी के विक्रय अधिकारी आलोक मिश्रा एवं शिवम शुक्ला ने किसानों को फसलों में लगने वाले विभिन्न रोगों और कीटों की पहचान तथा उनके प्रभावी नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर उचित प्रबंधन अपनाकर किसान अपनी फसलों को रोगों और कीटों से सुरक्षित रख सकते हैं तथा उत्पादन में वृद्धि कर सकते हैं।
किसान सभा में उपस्थित किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से खेती से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की और उन्नत कृषि तकनीकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों ने किसानों के प्रश्नों का समाधान करते हुए वैज्ञानिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में किसानों से आधुनिक तकनीक, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया गया, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके और किसानों की आय में वृद्धि हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)