जिला कारागार में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हरदोई। प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति की ओर से बुधवार को जिला कारागार परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समिति ने वृक्ष भंडारे का आयोजन कर लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक अमन कुमार सिंह, जेलर योगेश कुमार और डिप्टी जेलर अमर कुमार सिंह ने समिति के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी जरूरत है। पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि स्वच्छ हवा, पर्याप्त ऑक्सीजन और बेहतर भविष्य की भी आधारशिला हैं। उन्होंने लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक संरक्षित रखने की अपील की।
कार्यक्रम में समिति के सचिव शत्रुघ्न द्विवेदी, समाजसेवी दिवाकर मिश्रा, महिला जिलाध्यक्ष सरोज सिंघल, महामंत्री ज्योति बघेल, पूजा गुप्ता, वन दरोगा हरिनाम सिंह सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और जिला कारागार का स्टाफ मौजूद रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)