गैस सिलेंडर लेने जा रही महिला की ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत, चालक फरार
शाहाबाद (हरदोई)। घरेलू गैस सिलेंडर लेने जा रही एक महिला की बुधवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के पाली रोड पर आगमपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने महिला की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में महिला ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पाली थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी रामकली (55) पत्नी रामकरण बुधवार सुबह अपने पुत्र धीरज के साथ बाइक (यूपी 30 सीएच 4417) से सिरोमननगर गैस एजेंसी घरेलू गैस सिलेंडर लेने जा रही थीं। सुबह करीब 11 बजे आगमपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रामकली सड़क पर गिर गईं और ट्रॉली के पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश में जुटी है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)