क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे

Friday, February 27, 2026 - 11:31
0
क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे

नोएडा (आरएनआई)। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा और विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता का लंबी बीमारी के बाद देर रात निधन हो गया। उनके पिता खानचंद सिंह ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। वह स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे और पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।

परिजनों के अनुसार खानचंद सिंह को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो सका। पिता की गंभीर हालत की सूचना मिलने पर रिंकू सिंह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच ही उनसे मिलने पहुंचे थे। हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले वह दोबारा टीम के साथ जुड़ गए थे। अब पिता के निधन की खबर के बाद वह तुरंत वापस लौट रहे हैं। टूर्नामेंट में आगे वह टीम इंडिया का हिस्सा रहेंगे या नहीं, इस पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

खानचंद सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक गैस एजेंसी पर सिलेंडर वितरण का काम करते थे। सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपने बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। रिंकू सिंह ने भी शुरुआती दिनों में पिता का हाथ बंटाया और सिलेंडर वितरण का काम किया। संघर्षों से भरे उस दौर के बाद उन्होंने क्रिकेट के मैदान पर अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर खास पहचान बनाई।

रिंकू सिंह ने हाल के वर्षों में भारतीय क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और मैच जिताऊ पारियों से अलग मुकाम हासिल किया है। उनके करियर की सफलता के पीछे उनके पिता का त्याग, मेहनत और प्रोत्साहन हमेशा याद किया जाएगा। खेल जगत और प्रशंसकों ने इस दुखद घड़ी में रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User