8 अगस्त को प्रयागराज कूच करेंगे हरदोई के छात्र, जलभराव और बिजली संकट पर कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
हरदोई। शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक बुधवार को नागेटा रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 8 अगस्त को प्रयागराज में होने वाले "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम में हरदोई से छात्र-छात्राओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही शहर में जलभराव और बदहाल बिजली व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हरदोई से लगभग 100 छात्र-छात्राएं ट्रेन और निजी वाहनों से प्रयागराज पहुंचेंगे। कार्यक्रम में छात्र शिक्षा और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समक्ष रखेंगे।
बैठक में शहर की बदहाल नागरिक सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। लगातार बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव, नालियों की समुचित सफाई न होने और घंटों तक बाधित रहने वाली बिजली आपूर्ति पर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई। तय किया गया कि 11 अगस्त को शहर कांग्रेस कमेटी नगर पालिका परिषद को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग करेगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो बिजली विभाग के अधिकारियों का घेराव कर चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रही है। उन्होंने कहा कि जलभराव और चरमराई बिजली व्यवस्था से शहरवासी परेशान हैं। यदि प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि छात्रों के अधिकारों और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की लापरवाही बरकरार रहने पर जनता के सहयोग से व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन चलाया जाएगा।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सिंह, एससी/एसटी जिला अध्यक्ष विनीत वर्मा, शहर उपाध्यक्ष उमा राजवंशी, सर्वेश कुशवाहा, विनोद यादव, जितेंद्र वर्मा, शहर महासचिव मोरध्वज वर्मा, इस्लाम गाजी, अजय दीक्षित, शहर कांग्रेस सचिव संध्या वर्मा, मुकेश वर्मा, राहुल वर्मा, मंडल अध्यक्ष शिल्पी वर्मा, उदय प्रताप सिंह वर्मा, श्रीराम, अनिल, रितु सिंह, सुंदरलाल, रामदत्त, वीर बहादुर सिंह, ममता पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)