हरदोई मे महिला लेखपाल का आरोप—एसडीएम ने की छेड़छाड़, दी निलंबन की धमकी; जांच शुरू

Tuesday, July 7, 2026 - 11:44
Updated: 27 days ago
0

हरदोई। शाहाबाद तहसील में तैनात महिला लेखपाल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुशील कुमार मिश्रा पर छेड़छाड़, जातिसूचक टिप्पणी, अभद्र व्यवहार और निलंबन की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला लेखपाल ने कोतवाली शाहाबाद में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। वहीं, एसडीएम ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला लेखपाल पूजा देवी का आरोप है कि सोमवार शाम उन्हें शासकीय कार्य के सिलसिले में एसडीएम कार्यालय बुलाया गया। बातचीत के दौरान एसडीएम ने उनकी जाति पूछी, निजी कार्य करने का दबाव बनाया और विरोध करने पर उनके साथ छेड़छाड़ व अभद्र व्यवहार किया। उनका यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर उन्हें निलंबित कराने की धमकी दी गई।

घटना के बाद महिला लेखपाल कोतवाली शाहाबाद पहुंचीं और एसडीएम के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि बिलग्राम तहसील से शाहाबाद स्थानांतरण के बाद से ही उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और यह घटना उसी क्रम की कड़ी है।

मामले की जानकारी मिलने पर महिला लेखपाल के पिता एवं अधिवक्ता राकेश कुमार वर्मा अपने साथियों के साथ तहसील पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। महिला लेखपाल का आरोप है कि उनके पिता के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

दूसरी ओर, एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने महिला लेखपाल को केवल शासकीय कार्य के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए थे। उनका कहना है कि कुछ लोग कार्यालय में पहुंचकर सरकारी कार्य में बाधा डालने लगे और अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने महिला लेखपाल की तहरीर प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान, उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User