हरदोई में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज, एडवोकेट सुचेता राज सिंह ने रेल मंत्री को भेजा प्रस्ताव

Wednesday, July 1, 2026 - 12:42
Updated: 1 month ago
0
हरदोई में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज, एडवोकेट सुचेता राज सिंह ने रेल मंत्री को भेजा प्रस्ताव

हरदोई। जिले में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। यात्रियों की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए अधिवक्ता सुचेता राज सिंह ने रेल मंत्री को पत्र भेजकर हरदोई रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। उनका कहना है कि जनसंख्या और यात्री संख्या के लिहाज से महत्वपूर्ण जिला होने के बावजूद हरदोई को अभी भी पर्याप्त रेल सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

रेल मंत्री को भेजे गए प्रस्ताव में उन्होंने कहा कि हरदोई से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा और व्यापारिक कार्यों के लिए देश के विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। इसके बावजूद कई प्रमुख एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें बिना रुके गुजर जाती हैं, जिससे यात्रियों को लखनऊ या शाहजहांपुर जैसे अन्य स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि होती है।

सुचेता राज सिंह ने जिन ट्रेनों के ठहराव की मांग की है, उनमें अयोध्या एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, लखनऊ–आनंद विहार डबल डेकर एक्सप्रेस, लखनऊ–नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस और लखनऊ–देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।

उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि इन ट्रेनों का ठहराव पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर में उपलब्ध है, जबकि हरदोई जैसे बड़े जिले में इनका स्टॉपेज नहीं है। उनका कहना है कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव हरदोई में सुनिश्चित किया जाता है तो हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और जिले की रेल संपर्क व्यवस्था भी मजबूत होगी।

जनसमर्थन भी मिला

सुचेता राज सिंह की इस पहल को जिले के विभिन्न वर्गों से समर्थन मिल रहा है। अधिवक्ता अनिकेत कात्यान ने कहा कि इतने बड़े जिले में गिनी-चुनी ट्रेनों का ही रुकना दुर्भाग्यपूर्ण है। रजनीकांत शुक्ला ने वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव को आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

प्रांजल सिंह ने कहा कि यदि प्रस्तावित सभी ट्रेनों का स्टॉपेज हरदोई में हो जाए तो यात्रियों की बड़ी समस्या दूर हो जाएगी। शुभेन्द्र प्रताप सिंह 'आलोक' ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि किसी ने तो इस दिशा में सार्थक शुरुआत की है।

कुलदीप यादव का कहना है कि ऐसे मुद्दे जनप्रतिनिधियों को प्राथमिकता के साथ उठाने चाहिए। वरिष्ठ अधिवक्ता ऋषि कुमार सिंह ने इसे हरदोई के हित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सुचेता राज सिंह के प्रयासों की सराहना की।

वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष सचिन श्रीवास्तव ने मांग की कि 19270 पोरबंदर एक्सप्रेस का भी हरदोई में ठहराव कराया जाए, ताकि गुजरात, सोमनाथ और द्वारका जाने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिल सके।

हालांकि अधिवक्ता अरविन्द कुमार ने इस मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों की सक्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों को यह पहल करनी चाहिए थी, वे इस विषय पर सक्रिय दिखाई नहीं दे रहे हैं।

अब देखना होगा कि रेलवे मंत्रालय और रेलवे प्रशासन हरदोई के यात्रियों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग पर क्या निर्णय लेते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User