हरदोई: भूमि एवं जल संरक्षण कार्यों का होगा स्थलीय सत्यापन, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
हरदोई, 4 अगस्त। जनपद में भूमि एवं जल संरक्षण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति एवं जिला मिशन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं तथा गत वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने खेत तालाब योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अधिकाधिक किसानों को इस योजना से लाभान्वित किया जाए, ताकि जल संरक्षण के साथ किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं का भी समाधान हो सके।
बैठक में मार्जिनल बांध एवं पेरिफेरल बांध से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इन बांधों पर व्यापक वृक्षारोपण कराने और कराए गए वृक्षारोपण के फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से बांधों का संरक्षण भी होगा और पर्यावरण संतुलन को भी बढ़ावा मिलेगा।
समतलीकरण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विकास खंडों में अभी तक समतलीकरण अथवा अन्य भूमि एवं जल संरक्षण संबंधी कार्य नहीं कराए गए हैं, वहां चालू वित्तीय वर्ष में प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव स्वीकृत कराकर कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिकाधिक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संस्कृति त्रिवेदी, उपनिदेशक कृषि, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम इन्द्रसेन नाथ, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी द्वितीय डॉ. निधि राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)