सुठेना तिराहे पर 'सड़क' या 'पाताल'? जल निकासी फेल होने से मौत को दावत दे रहे गहरे गड्ढे
गाजू-हथौड़ा मार्ग पर जलभराव से जनजीवन बेहाल, सामाजिक कार्यकर्ता ने प्रशासन से की शिकायत, बड़े आंदोलन की सुगबुगाहट।
कछौना, हरदोई (आरएनआई) उत्तर प्रदेश सरकार जहां एक ओर गड्ढा मुक्त सड़कों का दावा कर रही है, वहीं जनपद हरदोई के नगर पंचायत कछौना पतसेनी क्षेत्र के सुठेना तिराहे की तस्वीरें इन दावों की पोल खोल रही हैं। गाजू तिराहे से हथौड़ा को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण यह व्यस्त तिराहा 'हादसा पॉइंट' में तब्दील हो चुका है। समस्या की जड़ ग्राम सभा कुकुही और नगर पंचायत की आबादी के बीच समन्वय की कमी है। सड़क के उत्तर दिशा में स्थित कुकुही ग्राम सभा में जलनिकासी का कोई ठोस इंतजाम नहीं है। गांव का सारा गंदा पानी सुठेना तिराहे पर आकर जमा हो जाता है। महीनों से जमा इस पानी ने डामर की सड़क को पूरी तरह नष्ट कर दिया है, जिससे वहां दो से तीन फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। यह मार्ग महज एक संपर्क मार्ग नहीं है, बल्कि सैकड़ों गांवों की 'लाइफलाइन' है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में राहगीर, स्कूली बच्चे और किसान इसी रास्ते से होकर अपने गंतव्य को जाते हैं। जलभराव के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते। परिणाम स्वरूप, आए दिन बाइक सवार और साइकिल सवार इन गड्ढों में गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। कई बार ई-रिक्शा और ट्रैक्टर जैसे वाहन भी यहां अनियंत्रित होकर पलटते-पलटते बचे हैं। स्थानीय नागरिकों में प्रशासन की इस सुस्ती को लेकर भारी रोष है। सामाजिक कार्यकर्ता इन्द्रजीत यादव ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए जिला प्रशासन को शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शासन और प्रशासन ने जल्द ही जल निकासी के लिए नाले का निर्माण और सड़क की मरम्मत नहीं कराई, तो क्षेत्रीय जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी। कुकुही ग्राम सभा और नगर पंचायत की सीमा पर स्थायी जल निकासी व्यवस्था शीघ्र कराने की नितांत आवश्यकता हैं। सड़क के खतरनाक गड्ढों को तत्काल प्रभाव से भरकर इंटरलॉकिंग या सीसी रोड का निर्माण कराया जाए। रात के समय होने वाले हादसों को रोकने के लिए तिराहे पर प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस 'नरकीय' समस्या से कछौना की जनता को कब तक निजात दिला पाता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)