शादी से लौट रही 10 वर्षीय बच्ची को बदमाशों ने मारी गोली, हालत खतरे से बाहर
हरदोई (आरएनआई) जनपद के थाना मझिला क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां शादी समारोह से लौट रही 10 वर्षीय बच्ची को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयूषी (उम्र करीब 10 वर्ष) पुत्री गुड्डू, निवासी कादरी गेट, जनपद फर्रुखाबाद, अपने भाई और माता के साथ लगभग आठ दिन पूर्व थाना मझिला क्षेत्र के ग्राम पारा स्थित अपने नाना राजबहादुर के घर एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी।
शुक्रवार को जब आयूषी अपनी मां और भाई के साथ ई-रिक्शा से वापस फर्रुखाबाद लौट रही थी, तभी लोकपुर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली आयूषी की टांग में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की हालत अब खतरे से बाहर है।
पुलिस के उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। मामले में तहरीर प्राप्त कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में ले लिया है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) श्री मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शेष आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)