यूपी बोर्ड की नौवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में वीर सावरकर की जीवनी शामिल

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने नौवीं से 12वीं तक की कक्षा के नैतिक, योग और खेल एवं शारीरिक शिक्षा पाठ्यक्रम में हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर, मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज और बिरसा मुंडा समेत 11 और महापुरुषों की जीवनगाथा शामिल की है।

Friday, June 23, 2023 - 16:00
0
यूपी बोर्ड की नौवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में वीर सावरकर की जीवनी शामिल
वीर सावरकर

प्रयागराज, 23 जून 2023, (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने नौवीं से 12वीं तक की कक्षा के नैतिक, योग और खेल एवं शारीरिक शिक्षा पाठ्यक्रम में हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर, मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज और बिरसा मुंडा समेत 11 और महापुरुषों की जीवनगाथा शामिल की है।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने बताया कि कक्षा नौ से 12वीं तक की नैतिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में 11 महापुरुषों की जीवनगाथा को शामिल किया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र से कई नये विषयों को कंप्यूटर के पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि अध्ययन सत्र 2023-24 से विद्यार्थी नैतिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में इन महापुरुषों के बारे में पढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि दसवीं कक्षा के नैतिक शिक्षा पाठ्यक्रम में पं. जवाहरलाल नेहरू, स्वामी दयानंद, स्वामी विवेकानंद समेत आठ महापुरुषों की जीवनगाथा शामिल है।

उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम में नयी चीजों को शामिल करने का उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है।

यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर दिये गये विवरण के अनुसार बोर्ड ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नौवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में सूर्य नमस्कार, आसन और स्वास्थ्य, मुद्रा, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य, योग निद्रा और त्राटक को शामिल किया। साथ ही इसमें अष्टांग योग के बारे में भी विस्तार से बताया गया है।

इसके अनुसार यूपी बोर्ड ने नैतिक, योग तथा खेल एवं शारीरिक शिक्षा पाठ्यक्रम के तहत 50 अंक की लिखित परीक्षा रखी है और 50 अंक की प्रयोगात्मक परीक्षा रखी है।

वेबसाइट पर दिये गये विवरण के अनुसार बोर्ड ने 11वीं कक्षा के पाठ्यक्रम में कंप्यूटर विषय के तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल क्रिप्टो करेंसी एआर-वीआर, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, 3डी प्रिंटिंग और क्लाउड कंप्यूटिंग आदि का समावेश किया है ताकि विद्यार्थी उभरती प्रौद्योगिकियों से अवगत हो सकें। वहीं 12वीं के कंप्यूटर विषय में रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक, कोर जावा लैंग्वेज और एडवांस्ड जावा लैंग्वेज को शामिल किया गया है।

अध्ययन सत्र 2023-24 से राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) को भी नौवीं से 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User