'मिशन सेफ फ्यूचर' के तहत 15 जुलाई तक चलेगा अभियान, नियम तोड़ने वाले वाहन होंगे सीज

Wednesday, July 1, 2026 - 12:43
Updated: 1 month ago
0
'मिशन सेफ फ्यूचर' के तहत 15 जुलाई तक चलेगा अभियान, नियम तोड़ने वाले वाहन होंगे सीज

हरदोई। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग 1 जुलाई से 15 जुलाई तक प्रदेशव्यापी 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान चलाएगा। अभियान के तहत बिना परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र वाले तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) ने बताया कि शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में परिवहन विभाग की प्रशासन एवं प्रवर्तन शाखा संयुक्त रूप से कार्रवाई करेगी। उन्होंने जनपद के सभी स्कूली वाहन स्वामियों से अपील की है कि जिन वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा या प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त हो चुकी है, वे तत्काल उनका नवीनीकरण करा लें। अन्यथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं संचालकों से भी कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी अनफिट या आवश्यक दस्तावेजों से वंचित वाहन का संचालन न होने दें तथा वाहन स्वामियों को समय रहते सभी औपचारिकताएं पूरी कराने के निर्देश दें।

एआरटीओ ने बताया कि 8 जुलाई से 15 जुलाई तक पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से व्यापक चेकिंग अभियान चलाएंगे। इस दौरान बिना परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र वाले तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर रहे स्कूली वाहनों के विरुद्ध चालान, वाहन निरुद्ध (सीज) करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान स्कूलों के स्वामित्व वाले वाहनों के साथ-साथ निजी क्षेत्र के उन वाहनों की भी सघन जांच होगी, जो नियमों का उल्लंघन करते हुए स्कूली बच्चों का परिवहन कर रहे हैं। ऐसे सभी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User