मलेरिया का नया मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, घर और आसपास कराया छिड़काव, लोगों को किया जागरूक

Friday, July 31, 2026 - 13:49
Updated: 3 days ago
0
मलेरिया का नया मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, घर और आसपास कराया छिड़काव, लोगों को किया जागरूक

जौनपुर,। यूपी के जौनपुर स्थित विकासखंड करंजाकला के ग्राम काजीबाजार में गुरुवार को मलेरिया का एक नया मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया। जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने मरीज के घर और आसपास के क्षेत्र में तत्काल निरोधात्मक अभियान चलाया। इस दौरान छिड़काव, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे, सोर्स रिडक्शन, स्वास्थ्य शिक्षा, पोस्टर चस्पा और पंपलेट वितरण के माध्यम से लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. आलोक सिंह ने बताया कि मलेरिया मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। संक्रमित मच्छर के काटने के 9 से 12 दिन बाद तेज बुखार, ठंड लगना, कंपकंपी, सिर और शरीर में दर्द, उल्टी, कमजोरी तथा खून की कमी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। गंभीर स्थिति में दिमागी मलेरिया भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि लक्षण दिखने पर घबराने की बजाय तत्काल सरकारी अस्पताल में जांच और उपचार कराना चाहिए।

जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक जनपद में 1,76,094 संदिग्ध मरीजों की जांच की जा चुकी है, जिनमें 14 मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। इनमें 11 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि तीन का उपचार जारी है। इस वर्ष जिले में मलेरिया से किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि जिले के मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर मलेरिया की जांच और दवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। अभियान के दौरान सहायक मलेरिया अधिकारी अशोक कुमार, एसएफडब्ल्यू इंद्रजीत सिंह, एफडब्ल्यू रामरूप यादव और आशा कार्यकर्ता अमृता देवी सहित टीम ने मरीज रेशमा के घर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव रोकने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा बुखार होने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच कराने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
VISHWA PRAKASH SRIVASTAVA

Vishwa prakash srivastava (JAURANLIST) JAUNPUR ADD MOHALLA RUHTTA

Comments (0)

User