भव्य 'नवारंभ उत्सव' के साथ ब्लॉक बेहंदर में शिक्षा के नए सत्र का शंखनाद
बेहंदर, हरदोई (आरएनआई) चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर वुधवार को ब्लॉक बेहंदर में 'नवारंभ उत्सव' का अत्यंत भव्य और गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ। इस उत्सव ने क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा के एक नए अध्याय की शुरुआत की है। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी राजेश रामजी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन और पूजन-अर्चन के साथ किया गया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक क्रांति बताया। प्राथमिक विद्यालय जरहा सहित ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में उत्सव का माहौल रहा। एआरपी पारुल मिश्रा ने स्कूल की दहलीज पर कदम रखने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों का तिलक लगाकर और मालाएं पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। बच्चों के चेहरे की मुस्कान इस आयोजन की सफलता की गवाही दे रही थी। उत्सव की नोडल एआरपी वर्तिका सिंह ने विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर अभिभावकों और बच्चों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्कूल की गतिविधियों और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं एआरपी महेंद्र सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए नामांकन वृद्धि और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पूरी निष्ठा से जुटने का आह्वान किया। ब्लॉक स्तरीय व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा किए गए वीडियो और फोटोग्राफ्स गवाह हैं कि इस आयोजन को सफल बनाने में बेहंदर ब्लॉक के सभी अध्यापकों की सक्रिय भागीदारी और अथक परिश्रम सराहनीय रहा। विद्यालय जरहा में खंड शिक्षा अधिकारी ने व्यवस्थाओं को देख प्रसन्नता व्यक्त की और इसे भविष्य के लिए एक प्रेरणादायी कदम बताया। शिक्षकों के इस साझा प्रयास से न केवल नामांकन बढ़ने की उम्मीद है, बल्कि बच्चों के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी। शिक्षा के क्षेत्र में हुए इस 'नवारंभ' ने पूरे ब्लॉक में एक नई ऊर्जा का संचार कर दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)