‘भगोड़े’ आरोपी को थाने में चाय पिलाने पर हरियाणा के दो पुलिसकर्मी निलंबित

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कैथल जिले के पुण्डरी थाने में दो पुलिसकर्मियों द्वारा धोखाधड़ी के एक आरोपी को कथित तौर पर चाय पिलाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद उनके निलंबन का आदेश दिया है। बताया जाता है कि यह आरोपी भगोड़ा है।

Sunday, January 15, 2023 - 15:30
0
‘भगोड़े’ आरोपी को थाने में चाय पिलाने पर हरियाणा के दो पुलिसकर्मी निलंबित
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज

चंडीगढ़, 15 जनवरी 2023, (आरएनआई)। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कैथल जिले के पुण्डरी थाने में दो पुलिसकर्मियों द्वारा धोखाधड़ी के एक आरोपी को कथित तौर पर चाय पिलाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद उनके निलंबन का आदेश दिया है। बताया जाता है कि यह आरोपी भगोड़ा है।

इस संबंध में एक महिला शिकायतकर्ता ने विज को वीडियो दिखाया था जिसके बाद शनिवार को उन्होंने पुलिसकर्मियों के तत्काल निलंबन के निर्देश दिए।

विज (69) अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र अम्बाला में हर शनिवार को लोगों की शिकायतें सुनने के लिए ‘‘जनता दरबार’’ बुलाते हैं। शिकायतें सुनते हुए विज ने कैथल के पुलिस अधीक्षक की खिंचाई की।

उन्होंने फोन पर पुलिस अधीक्षक से कहा, ‘‘एसपी साहब, थाने में आरोपी को चाय दी जा रही है और आप कह रहे हैं कि आरोपी मिला नहीं है। अपराधी थाने में बैठते हैं।’’

संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने का निर्देश देते हुए विज ने कहा, ‘‘क्या मुझे थाना बंद कर देना चाहिए? यह कैसे हो सकता है, एसपी सर? क्या गुंड़े राज्य पर राज करेंगे? मुझे फौरन कार्रवाई चाहिए।’’

आधिकारिक बयान के अनुसार, शिकायकर्ता महिला ने मंत्री से कहा कि पुलिस 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को पकड़ नहीं रही है और आरोपी बेरोकटोक घूम रहा है।

इसके कुछ घंटे बाद पुलिस महानिदेशक पी के अग्रवाल ने गृह मंत्री को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वहीं, एक अन्य मामले में मंत्री ने एम्बुलेंस चालकों से घूस मांगने के आरोपों पर पानीपत में एक पुलिस अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश दिया।

विज से शिकायत करने के लिए पानीपत से आए एम्बुलेंस चालकों ने आरोप लगाया कि उनसे शहर के थाना प्रभारी बलराज प्रत्येक एम्बुलेंस के हिसाब से 10,000 रुपये मांग रहे हैं।

इसके बाद विज ने पानीपत के पुलिस अधीक्षक को फोन किया और उन्हें इस मामले में थाना प्रभारी को निलंबित करने का निर्देश दिया।

वहीं, झज्जर से सेना के एक जवान ने शिकायत की कि वहां पुलिस उसकी नाबालिग बहन से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए विज ने झज्जर के पुलिस अधीक्षक को फोन किया तथा उन्हें फटकार लगाई और आरोपी को फौरन गिरफ्तार करने का आदेश दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User