नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड की पत्नी सीता दाहाल का निधन

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल “प्रचंड” की पत्नी सीता दाहाल (69) का लंबे समय तक स्नायुतंत्र से जुड़ी एक दुर्लभ किस्म की बीमारी से पीड़ित रहने के बाद बुधवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया।

Wednesday, July 12, 2023 - 18:00
0
नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड की पत्नी सीता दाहाल का निधन
नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड की पत्नी सीता दाहाल

काठमांडू, 12 जुलाई 2023, (आरएनआई)। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल “प्रचंड” की पत्नी सीता दाहाल (69) का लंबे समय तक स्नायुतंत्र से जुड़ी एक दुर्लभ किस्म की बीमारी से पीड़ित रहने के बाद बुधवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया।

प्रधानमंत्री प्रचंड के प्रेस समन्वयक सूर्य किरण शर्मा के अनुसार, काठमांडू के नॉर्विक इंटरनेशनल हॉस्पिटल में सीता दाहाल का इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि अस्पताल के डॉक्टरों ने सुबह आठ बजकर 33 मिनट पर उनकी मृत्यु की पुष्टि की।

सीता नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी केंद्र) की सलाहकार भी थीं। अस्पताल की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, सीता दाहाल प्रोग्रेसिव सुप्रान्यूक्लियर पाल्सी (पीएसपी), पार्किंसन, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से पीड़ित थीं।

प्रोग्रेसिव सुप्रान्यूक्लियर पाल्सी स्नायुतंत्र संबंधी एक दुर्लभ बीमारी है जो संतुलन, गति, दृष्टि, बोलने और निगलने में समस्याएं पैदा कर सकती है।

बुधवार को उनकी हालत गंभीर होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

प्रधानमंत्री प्रचंड के निजी चिकित्सक प्रोफेसर डॉ. युवराज शर्मा के मुताबिक, सीता को बुधवार सुबह आठ बजे दिल का दौरा पड़ा।

शर्मा द्वारा हस्ताक्षरित एक बयान में कहा गया, “उन्हें बचाने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली और सुबह आठ बजकर 33 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।”

सीता का 2021 में भारत में इलाज हुआ था। उनका 2020 में अमेरिका के बाल्टीमोर स्थित जॉन हॉपकिंस अस्पताल में भी इलाज किया गया था और उससे पहले जून 2018 में उन्हें इलाज के लिए सिंगापुर भी ले जाया गया था।

अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए सीता का पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक कोटेश्वर के पेरिस डांडा स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में रखा गया। प्रधानमंत्री सचिवालय के मुताबिक, अंतिम संस्कार पशुपति आर्यघाट पर होगा।

प्रधानमंत्री प्रचंड और उनकी पत्नी सीता की बड़ी बेटी ज्ञानू दाहाल और बेटे प्रकाश दाहाल का पहले ही निधन हो चुका है।

सीता दाहाल के परिवार में प्रधानमंत्री प्रचंड और दो बेटियां, रेनू और गंगा हैं। रेनू दाहाल वर्तमान में भरतपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी के मेयर के रूप में कार्यरत हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को नेपाल के अपने समकक्ष पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ की पत्नी सीता दाहाल के निधन पर शोक जताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सीता दाहाल के निधन से बहुत दुखी हूं। मैं प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने कहा कि सीता के निधन की खबर से वह बेहद दुखी हैं।

राष्ट्रपति पौडेल ने बुधवार को प्रधानमंत्री दाहाल से फोन पर बात कर शोक व्यक्त किया।

मुख्य विपक्षी दल के नेता और सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली प्रधानमंत्री दाहाल के साथ परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए थापथली के नॉर्विक अस्पताल पहुंचे।

नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा ने भी सीता को श्रद्धांजलि दी।

वहीं, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने भी बयान जारी कर सीता के निधन पर दुख जताया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User